पश्चिम बंगाल सरकार ने यूसीसी मसौदे के अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति की अधिसूचित
स्थानीय लोग और छात्र संगठन लगातार दोषियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं
कोलकाता। दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आखिरी आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक का नाम सफीकुल शेख है, जिसे इस पूरे कांड का मुख्य आरोपी माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात से सोमवार सुबह तक यानी कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मामले में लगातार दो आरोपियों को पकड़ लिया। रविवार रात पूछताछ के बाद पुलिस ने दुर्गापुर नगर निगम के अस्थायी कर्मचारी नासिरुद्दीन शेख को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सोमवार दोपहर खबर आई कि पुलिस ने सफीकुल शेख को भी विजड़ा इलाके के गोपालमाठ से गिरफ्तार कर लिया है, जहां वह छिपा हुआ था। पुलिस ने बताया कि सफीकुल लंबे समय से फरार था और इलाके में छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और उसे पकडऩे में सफलता हासिल की। दोनों आरोपियों को सोमवार को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया जहाँ से अदालत ने दोनों को पूछताछ के लिये 9 दिन के पुलिस हिरासत में भेज दिया हैं।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल जांच की गोपनीयता का हवाला देते हुए अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया है। इस मामले में जिला पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि 'जीरो टॉलरेंसÓ की नीति अपनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पीडि़ता को न्याय का आश्वासन देते हुए कहा था कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। अब जब दो दिनों के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, पुलिस महकमे को उम्मीद है कि घटना की जांच और कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। घटना ने पूरे दुर्गापुर इलाके को झकझोर दिया है।
स्थानीय लोग और छात्र संगठन लगातार दोषियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। दुर्गापुर गैंगरेप कांड में अब सभी आरोपी पुलिस के शिकंजे में हैं। दो दिन के भीतर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर पुलिस ने जहां अपनी तत्परता दिखाई है, वहीं प्रशासन को उम्मीद है कि अब इस जघन्य अपराध का शीघ्र निष्पादन और न्याय सुनिश्चित किया जा सकेगा।