वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
तारकिशोर ने कहा कि ब्याजमुक्त ऋण के तौर पर बिहार को 13 हजार करोड़ का कर्ज मिलेगा, जिसे 50 साल में चुकाना होगा।
पटना। पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि केंद्रीय बजट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया राजनीतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित है। उन्होंने कहा कि बजट प्रावधान के अनुसार केंद्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी में की गई बढ़ोतरी से बिहार को कुल एक लाख सात हजार करोड़ की प्राप्ति होगी जो पिछले साल की तुलना में 25 हजार करोड़ अधिक है।
तारकिशोर ने कहा कि ब्याजमुक्त ऋण के तौर पर बिहार को 13 हजार करोड़ का कर्ज मिलेगा, जिसे 50 साल में चुकाना होगा। यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में पांच हजार करोड़ अधिक है। बजट में देश के आकांक्षी जिलों व प्रखंडों के लिए विशेष प्रावधान किया है। इसका लाभ बिहार के 13 आकांक्षी जिलों व 61 आकांक्षी प्रखंडों को मिलेगा।
प्रसाद ने कहा कि बजट में पीएम आवास योजना के लिए 79 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिससे बिहार को 10 हजार करोड़ मिलेंगे। बजट में मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान में से पटना मेट्रो को 4700 करोड़ रुपये मिलेंगे। उसी प्रकार कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि कोर क्षेत्र के बजट में बढ़ोतरी का भरपूर लाभ बिहार को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार के सभी शहरी निकायों को (पटना छोड़ कर) 10 हजार करोड़ के अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड से विशेष सहायता राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन सारे लाभों को राजनीतिक पूर्वाग्रह की वजह से मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री नजरअंदाज कर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।