बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के क्रम में आज गोपालगंज दौरे पर रहे।
पटना। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से हुई मुलाकात के प्रश्न पर जवाब देने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बचते नजर आये। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के क्रम में आज गोपालगंज दौरे पर रहे।
नीतीश से पत्रकारों ने पूछा कि विपक्षी एकता को एकजुट करने को लेकर कवायद शुरू है। तेजस्वी यादव ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। सवाल को टालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'उ सब अलग चीज है। उ सब बाद में पूछिएगा। अभी यात्रा पर हैं।' यह कहते हुए मुख्यमंत्री निकल गए।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात किया है। इसकी जानकारी तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने बताया है कि अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के दौरान वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर उनसे देश को बचाना है। केजरीवाल ने भी मुलाकात की जानकारी ट्वीटर पर दी है।