चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों की ओर से उन्हें बधाईयां मिल रही हैं।
पटना। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया है। बिहार में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को बनाया गया है। वे विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं। इनकी नियुक्ति को लेकर भाजपा ने आधिकारिक ऐलान कर दिया है। चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों की ओर से उन्हें बधाईयां मिल रही हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विधान परिषद सदस्य सम्राट चौधरी को बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
उल्लेखनीय है कि सम्राट चौधरी पिछले कई दिनों से हर मुद्दे पर सीधे नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। उन्होंने शपथ ली है कि जब तक वे नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल नहीं कर देंगे तब तक पगड़ी बांधे रखेंगे। सितंबर में संजय जायसवाल का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल खत्म हो गया था लेकिन लगातार दो विधानसभा उपचुनाव और अमित शाह के दौरे के कारण ये नियुक्ति टल रही थी।
सम्राट चौधरी बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वे डॉ. संजय जायसवाल का स्थान लेंगे। सम्राट चौधरी मुंगेर जिले के हैं और कद्दावर नेता शकुनी चौधरी के बेटे हैं। कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी की अपने समाज में मजबूत पकड़ है। ये राबड़ी देवी सरकार में भी मंत्री रहे हैं। वर्ष 1999 में कृषि मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा सीएम नीतीश ने इन्हें जदयू कोटे से भी मंत्री बनाया था। वर्ष 2014 में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2018 में इन्हें बिहार प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया।