कोलकाता स्थिति आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कल देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में 9 आरोपी अब तक गिरफ्तार किये गए हैं।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थिति आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कल देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। इसी अस्पताल में पिछले सप्ताह एक महिला ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था। डॉक्टर की रेप और हत्या की इस घटना के विरोध के बीच आधी रात को यह तोड़फोड़ हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में 9 आरोपी अब तक गिरफ्तार किये गए हैं।
पुलिस के अनुसार, लगभग 40 लोगों का समूह कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों के रूप में अस्पताल परिसर में घुसा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। उसने बताया कि इस घटना में एक पुलिस वाहन और मौके पर मौजूद कुछ दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि हिंसा में कुछ पुलिस अधिकारी घायल भी हुए हैं।
‘रीक्लेम द नाइट’ अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन रात 11 बजकर 55 मिनट पर शुरू हुए। सोशल मीडिया के जरिए जोर पकड़ने वाला यह अभियान कोलकाता के कई ऐतिहासिक स्थलों सहित छोटे शहरों और बड़े शहरों के प्रमुख क्षेत्रों में फैल गया।