करीब 181 दिन बाद संजय सिंह तिहाड़ जेल से आखिरकार बाहर आ गए। संजय सिंह जब तिहाड़ जेल से बाहर आए तब वहां कार्यकर्ताओं का हुजूम था।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। AAP सांसद संजय सिंह को शराब घोटाले में ED ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से वो लगातार जेल में बंद थे। संजय सिंह के घरवालों और उनके प्रशंसकों को उनके जेल से बाहर आने का बेसब्री से इंतजार था। करीब 181 दिन बाद संजय सिंह तिहाड़ जेल से आखिरकार बाहर आ गए। संजय सिंह जब तिहाड़ जेल से बाहर आए तब वहां कार्यकर्ताओं का हुजूम था। आप सांसद ने दोनों हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। यहां कार्यकर्ता उनपर लगातार फूल बरसा रहे थे। सौरभ भारद्वाज ने संदेश देते हुए कहा कि यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि खुशी मनाने का दिन है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि संजय सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर जा सकते हैं और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से भी मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत दिए जाने का फैसला सुनाया था। मंगलवार को दिल्ली के आईएलबीएस अस्पताल में उनका इलाज हुआ था। इसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल ले जाया गया था।
इस दौरान वो व्हीलचेयर पर नजर आए थे। उनके साथ कुछ सुरक्षाकर्मी भी नजर आए थे। बुधवार को उनकी रिहाई का प्रॉसेस शुरू हुआ था और फिर आखिरकार वो तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। संजय सिंह के बाहर आने से पहले आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता तिहाड़ जेल के बाहर जमा हो गए। वो यहां संजय सिंह के समर्थन में नारे लगा रहे थे। आप कार्यकर्ता यहां पार्टी का झंडा लहरा रहे थे। इस दौरान वहां पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे थे।