Please wait

नौसेना के नए वाइस चीफ संजय जसजीत सिंह ने कार्यभार संभाला

नौसेना की 39 साल सेवा के बाद रिटायर हुए घोरमडे की जगह ली।

02 Apr 2023

नौसेना के नए वाइस चीफ संजय जसजीत सिंह ने कार्यभार संभाला

नई दिल्ली। वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह को भारतीय नौसेना का नया वाइस चीफ नियुक्त किया गया है। उन्होंने रविवार को कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पहुंचकर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद उन्हें साउथ ब्लाक में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने वाइस एडमिरल सतीश कुमार नामदेव घोरमडे की जगह ली है, जो नौसेना में 39 साल से अधिक की सेवा देने के बाद 31 मार्च को रिटायर हुए हैं। इससे पहले संजय जसजीत सिंह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन) के उप प्रमुख का पदभार संभाल रहे थे।

वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से ग्रेजुएट हैं। उन्हें 1986 में नौसेना की कार्यकारी शाखा में नियुक्त किया गया था। वह 2009 में भारतीय नौसेना के समुद्री सिद्धांत, 2015 में परिवर्तन के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन और 2015 भारतीय समुद्री सुरक्षा रणनीति के लीड ड्राफ्टर रहे थे। उन्होंने 1992 में नेविगेशन और डायरेक्शन में विशेषज्ञता हासिल की। साल 2000 में यूके में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स किया। उन्होंने 2009 में नेवल वॉर कॉलेज, मुंबई से नेवल हायर कमांड कोर्स और 2012 में नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रैटेजी कोर्स डिफेंस कॉलेज दिल्ली से किया।

अधिकारियों के मुताबिक उन्होंने कई कमान, प्रशिक्षण और कर्मचारियों की नियुक्तियों की कमान संभाली है। उन्होंने बीते तीन दशकों में भारतीय नौसेना के जहाजों के साथ काम किया है। भारतीय नौसेना ने उन्हें ईरान में अटेशे के तौर पर नियुक्त करके वहां खास दायित्व सौंपा था। फ्लैग रैंक में उन्होंने नौसेना मुख्यालय में सहायक प्रमुख (संचार, अंतरिक्ष और नेटवर्क-केंद्रित संचालन), कोच्चि में फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग, मुंबई में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्लीट, गोवा में कमांडेंट नेवल वॉर कॉलेज और नियंत्रक कार्मिक सेवाएं के तहत अपनी सेवाएं दीं।

नौसेना में किये गए अन्य बदलावों के तहत वाइस एडमिरल सूरज बेरी ने शनिवार को कार्मिक प्रमुख के तौर पर कमान संभाली। वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने नियंत्रक कार्मिक सेवा के तौर पर तो वाइस एडमिरल अतुल आनंद ने नौसेना संचालन महानिदेशक का कार्यभार संभाला है।

Ad Image
Comments

No comments to show. Log in to add some!

Other Relevant Stories







Download The Taaza Tv App Now to Stay Updated on the Latest News!


play store download
app store download
app img


Breaking News