कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को अखिल भारतीय सरदार पटेल, सेवा संस्थान अलोपीबाग में आज से 16 फरवरी तक चलने वाले 09 दिवसीय विराट किसान मेले का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है और इसके लिए लगातार कार्य किए जा रहे है।
प्रयागराज। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को अखिल भारतीय सरदार पटेल, सेवा संस्थान अलोपीबाग में आज से 16 फरवरी तक चलने वाले 09 दिवसीय विराट किसान मेले का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है और इसके लिए लगातार कार्य किए जा रहे है।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में आज किसानों के लिए चलायी जा रही सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ किसानों को मिल रहा है, बिचौलियों का खेल समाप्त हो गया है और सारा पैसा उनके खाते में सीधे जा रहा है।
उन्होंने किसान मेले में कृषि एवं कृषि से सम्बंधित लगाये गये स्टॉल एवं सजीव प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए योजनाओं एवं उत्पादों के बारे में जानकारी ली। कहा कि कृषि यंत्रों, बीजों, उत्पादों, जैविक खादों के बारे में जितना अधिक से अधिक लोगो को जानकारी प्राप्त होगी, वे उसका अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे तथा अपनी आय बढ़ा सकेंगे।
उन्होंने उपस्थित लोगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य दे रही है। उन्होंने कहा कि किसान भाई जैविक खेती की ओर बढे़ं, इसके लिए हम सबको प्रयास करना होगा। अमृत महोत्सव काल में किसान समृद्ध हो, इसी लक्ष्य के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा तिलहन खेती को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयास का ही नतीता है कि इस बार प्रदेश में रिकार्ड स्तर पर सरसों का उत्पादन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पहल पर अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स दिवस मनाया जा रहा है, इससे किसानों को बहुत फायदा होगा। यह अनाज कम लागत में अच्छी पैदावार देता है। देश-विदेश में इसकी मांग बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि भी होगी।
कृषि मंत्री ने कृषि में उत्पादन लागत कम करने हेतु प्राकृतिक खेती करने, सिंचाई हेतु सोलर पम्प की स्थापना पर विशेष बल दिया। कृषकों को एफपीओ का गठन कर अपने उत्पाद का अच्छा मूल्य प्राप्त करने एवं श्री अन्न योजना के बारे में भी जानकारी देते हुए मोटे अनाज का उत्पादन करने पर बल दिया। खेत तालाब योजना में कृषकों का चयन कर लाभ के बारे में जानकारी दी गयी। इस अवसर पर श्री शाही ने जनपद के 45 कृषकों को फार्म फशीनरी बैंक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, सोलर पम्प, नेपसेक स्पेयर मशीन, भूसा बैग, मृदा जैविक कार्बन किट, मृदा नमूना कार्ड के चाभी, प्रमाणपत्र आदि से सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक बारा डॉ0 वाचस्पति ने कहा कि इस मेले का आयोजन आधुनिक खेती, प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु किया जा रहा है। विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्या ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता व रीढ़ की हड्डी हैं। यदि किसान समृद्ध होगा, तो देश समृद्ध होगा। विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि मोटे अनाज जो पहले गरीब लोगों का खाना माना जाता था, आज इसकी महत्ता लगातार देश-विदेश में बढ़ रही है। किसान भाईयों को इसकी खेती की ओर लौटना चाहिए और इसका लाभ उठाना चाहिए।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने कहा कि आज किसान भाई जैविक खेती व प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों से अपील की आप दूसरे किसान भाईयों से अनुभव साझा कर उन्हें भी लाभान्वित करायें। उन्होंने कहा आज धरती का जल स्तर नीचे गिरता जा रहा है। उन्होंने जल संचय करने की अपील की।
तकनीकी सत्र में डॉ योगेश वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र नैनी ने उर्वरक के उपयोग एवं सूक्ष्म तत्व वाले उर्वरकों के प्रयोग बारे में जानकारी दी। डॉ अजय कुमार वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, नैनी ने रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के पौधों एवं मानव के स्वास्थ्य पर पड़ने वाल दुष्प्रभाव पर चर्चा की। कार्यक्रम में कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा कृषकों की जानकारी के लिये 60 स्टाल लगाये गये तथा लगभग 1500 कृषकों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया।
इस अवसर पर किसान समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह, सरदार पटेल संस्थान के अध्यक्ष बजरंगी सिंह सहित संयुक्त निदेशक कृषि डॉ रमेश कुमार मौर्य, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।