इस मामले की अगली सुनवाई छह मई को होगी
आसनसोल। अब्दुल लतीफ मवेशी तस्करी मामले में गुरुवार को आसनसोल में सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुआ। पिछले सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाते हुए कहा था कि सीबीआई गिरफ्तारी जैसी कोई कठोर कार्रवाई नहीं कर सकती है। साथ ही जिस दिन कोर्ट में मामले की सुनवाई होगी, अब्दुल लतीफ को पेश होना होगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, अब्दुल लतीफ आज सुबह आसनसोल स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए। उनकी ओर से वकील शेखर कुंडू ने सीबीआई की विशेष अदालत में पैरवी की। उस दिन सीबीआई की तरफ से पीपी तथा सरकारी वकील राकेश कुमार मौजूद थे। केस डायरी के साथ केस के आईओ भी मौजूद थे।
सवाल-जवाब के अंत में न्यायधीश राजेश चक्रवर्ती ने आदेश दिया कि अब्दुल लतीफ को 15 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी जा रही है। इस मामले की अगली सुनवाई छह मई को होगी। वहीं, हर तीन दिन में एक बार सीबीआई के आईओ से मिलना होगा। पासपोर्ट भी सीबीआई के पास जमा करना होगा।