यूएई टैंकरों पर ईरानी हमले में भारतीय नाविक की मौत, ईरानी राजनयिक तलब
दीदीगिरी राजभवन को स्वीकार नहीं: गवर्नर
कोलकाता। हाल ही में राज्यपाल पर विस्फोटक आरोप लगे हैं। सीवी आनंद बोस के खिलाफ उनके ऑफिस की एक अस्थायी महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पहले एक बयान में आरोप से इनकार किया था और अब उन्होंने मीडिया के सामने अपना मुंह खोला है। शिकायत के बारे में कुछ न कहने के बावजूद राज्यपाल ने कोच्चि से कोलकाता लौटने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि मुझे राजभवन में दीदीगिरी स्वीकार नहीं है। पिछले हफ्ते छेड़छाड़ के आरोप सामने आने के बाद विभिन्न राजनीतिक सभाओं से ना केवल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बल्कि अभिषेक बनर्जी से लेकर तृणमूल के कई नेता राज्यपाल पर जुबानी हमला कर रहे है। पीडि़ता के शिकायत के बाद ही दूसरे दिन राज्यपाल कोच्चि रवाना हो गये थे। राज्यपाल का ये कार्यक्रम पहले से ही तय था। राज्यपाल सोमवार को कोलकाता लौटे और एयरपोर्ट पर पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि जितना मैं राजनीति से ऊपर रहना चाहता हूं, ममता बनर्जी मुझे राजनीति में खींच रही हैं।
राज्यपाल ने कहा, मैंने एक व्यक्ति के तौर पर या मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बारे में बहुत अच्छी बात कही है। मैं उस जगह से नहीं हिल रहा हूं। लेकिन मैंने हमेशा कहा है कि मैं उनकी राजनीति को नहीं समझता। राज्यपाल ने यह भी कहा, जिस तरह के अपमानजनक शब्द उन्होंने मेरे खिलाफ कहे, जिस तरह से उन्होंने सच्चाई के खिलाफ बोला, मैं कहूंगा कि ममता बनर्जी की राजनीति गंदी है। राज्यपाल के मुताबिक, ममता बनर्जी को अब भगवान भी नहीं बचा सकते।
पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से उनकी रक्षा की प्रार्थना करूंगा लेकिन यह भगवान के लिए भी कठिन है। अंत में राज्यपाल ने कहा कि मैं राजभवन में किसी भी तरह की दीदीगिरी स्वीकार नहीं करूंगा। हालांकि, राज्यपाल ने शिकायत के बारे में कुछ नहीं कहा। इससे पहले राजभवन ने बयान जारी कर आरोप से इनकार किया था। उनका मानना है कि सब कुछ राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है।