दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी ने पुष्टि की है कि घटनास्थल से कई पेंड्रोल क्लिप खुले हुए मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होगी
कोलकाता। ओडिशा के बालेश्वर में हुए भीषण हादसे के बाद बंगाल के खडग़पुर स्टेशन के निकट शनिवार देर रात लोकल ट्रेन की एक बोगी के बेपटरी होने के मामले में प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पटरी से कई पेंड्रोल क्लिप खुला हुआ था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
वहीं, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) ने इसकी उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। दरअसल, मेदिनीपुर-हावड़ा लोकल खडग़पुर स्टेशन में प्रवेश करने से पहले ही शनिवार रात करीब नौ बजे पटरी से उतर गई। इस हादसे में कुछ यात्री को हलकी चोटें आई है।
इस घटना के चलते उक्त मार्ग पर काफी देर तक रेल सेवा भी ठप हो गई। दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी ने पुष्टि की है कि घटनास्थल से कई पेंड्रोल क्लिप खुले हुए मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होगी। उनके अनुसार, पेंड्रोल क्लिप का खुद से खुलना मुश्किल है। उसे हथौड़े से मारकर ही निकाला जा सकता है। इसीलिए इस घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
मालूम हो कि इससे पहले 2010 में खडग़पुर से सटे झाडग़्राम इलाके में ज्ञानेश्वरी रेल हादसे में भी कई पेंड्रोल क्लिप खुले होने की बात सामने आई थी, जिसके चलते ट्रेन के बेपटरी होने से बड़ा रेल हादसा हुआ था। ज्ञानेश्वरी हादसे में करीब 150 लोगों की जानें गई थी। उस वक्त यह पूरा इलाका माओवाद प्रभावित था। जांच में उस घटना के पीछे माओवादियों का ही हाथ होने की बात सामने आई थी। वहीं, अब फिर से जंगलमहल के क्षेत्र में पेंड्रोल क्लिप खुलने की घटना से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है।