श्री हकीम ने कहा कि ये बच्चे भारत के भविष्य हैं अत: समाज का कर्तव्य है कि पैसे के अभाव में कोई बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं होना चाहिये। मारवाड़ी समाज ने इस कर्तव्य का बखूबी निर्वाह किया है।
कोलकाता। पश्चिम बंगीय मारवाड़ी सम्मेलन शिक्षा कोष ने शनिवार को सायं 55 स्कूलों के 670 छात्र-छात्राओं को उनकी स्कूल फीस का वितरण किया। 20 लाख रुपये से अधिक के इस अनुदान आयोजन का प. बंगाल के नगर उन्नयन मंत्री एवं कोलकाता के मेयर जनाब फिरहाद हकीम ने धन धान्य सभागार में उद्घाटन किया। श्री हकीम ने कहा कि ये बच्चे भारत के भविष्य हैं अत: समाज का कर्तव्य है कि पैसे के अभाव में कोई बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं होना चाहिये। मारवाड़ी समाज ने इस कर्तव्य का बखूबी निर्वाह किया है। राज्य के संसदीय कार्य एवं कृषि मंत्री श्री शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने कहा कि प. बंगाल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। मारवाड़ी समाज ने इस कार्य में पूरा सहयोग कर बंगाल वासियों का सम्मान पाया है।
प्रारंभ में संस्था के अध्यक्ष श्री ब्रह्मानन्द अगरवाल ने शिक्षा कोष के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। छपते छपते व ताजा टीवी के प्रमुख श्री विश्वम्भर नेवर ने कहा कि मारवाड़ी समाज ने उद्योग व्यापार बढ़ाने के साथ अपने सामाजिक कर्तव्य को भी निभाया है। भारत सेवाश्रम संघ के महासचिव स्वामी विश्वात्मानन्द जी ने बच्चों को आशीर्वाद दिया।
शिक्षा कोष के प्रधान सचिव श्री मनीष बजाज ने बताया कि किस तरह स्कूलों के सहयोग से यह आयोजन संभव हो सका। श्री कुंज बिहारी अगरवाल ने भी वक्तव्य रखा। श्री अशोक तोदी, श्री चित्तरंजन चौधरी, श्री विश्वनाथ केडिया भी मंच पर उपस्थित थे। श्री कृष्ण कुमार लोहिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री सरोज कुमार अगरवाल, श्री निर्मल कुमार अगरवाल, श्रीमती अनिता अगरवाल, श्री कमल मैती प्रभृति का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री महावीर प्रसाद रावत ने किया।