गवर्नर बोस वहां से सीधे संदेशखाली के लिए रवाना होंगे।
कोलकाता। राज्यपाल सीवी आनंद बोस सोमवार को संदेशखाली जा रहे हैं। वह रविवार रात कोच्चि से रवाना हो गये हैं। उन्हें सुबह बेंगलुरु होते हुए कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचना है। गवर्नर बोस वहां से सीधे संदेशखाली के लिए रवाना होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल सोमवार सुबह 8.50 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6ई6439 से बेंगलुरु से कोलकाता लौटेंगे फिर एयरपोर्ट से ही सीधे संदेशखाली के लिये रवाना हो जायेंगे। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने शनिवार को एक वीडियो संदेश दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि संदेशखाली की घटना दिखाती है कि सभ्य समाज में कितनी बदसूरत चीजें हो सकती हैं। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है, उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। वहां गुंडाराज चल रहा है। चुनी हुई सरकार कार्रवाई करे। राज्यपाल ने सरकार से रिपोर्ट भी मांगी थी और कहा था कि इस घटना पर कार्रवाई की जायेगी। इस बीच बीजेपी ने राज्यपाल को फिर डेडलाइन दी है।
शनिवार को बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राजभवन गया था वहां से निकलते हुए शुभेंदु ने कहा था कि वे सोमवार को संदेशखाली जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने राज्यपाल को 24 घंटे का समय दिया है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर संदेशखाली में शांति नहीं लौटी तो वह सोमवार को वहां जाएंगे और धारा 144 का उल्लंघन करेंगे। वहीं राज्यपाल ने भी सरकार से रिपोर्ट के लिए 24 घंटे का समय दिया है। इस बीच खबर राज्यपाल भी संदेशखाली जा रहे हैं।