नेशनल लाइब्रेरी के प्रेक्षागृह में 51 स्कूलों के बारहवीं कक्षा में बोर्ड में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान में एक मोमेन्टो, सर्टिफिकेट एवं उपहार प्रदान किये गये।
ताजा टीवी ने गत रविवार को मेधा सम्मान का विराट आयोजन किया। नेशनल लाइब्रेरी के प्रेक्षागृह में 51 स्कूलों के बारहवीं कक्षा में बोर्ड में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान में एक मोमेन्टो, सर्टिफिकेट एवं उपहार प्रदान किये गये। उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि कलकत्ता पुलिस कमिश्नर श्री विनीत गोयल ने छात्रों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्मरण रखना चाहिये कि उनकी इस गौरवशाली सफलता में उनकी निष्ठा एवं परिश्रम के साथ समाज एवं उनके परिवार का भी अहम् योगदान है अत: छात्रों को उसके बदले समाज को भी प्रतिदान करना चाहिये ताकि पूरा समाज एवं देश उपकृत हो। केयरिंग माइंड्स की संचालक श्रीमती मीनू बुधिया ने एक लघु कथा के माध्यम से छात्रों को जागरुकता की सलाह दी। बीआर अम्बेडर एजुकेशन युनिवर्सिटी की कुलपति डा. सोमा बंदोपध्याय ने कहा कि देश में जो भी सकारात्मक परिवर्तन हो रहे हैं उनके पीछे शिक्षा का प्रसार है। जेआईएस समूह के सीमर प्रीत सिंह ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह से छात्रों में कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा होता है।
ताजा टीवी के निदेशक श्री विश्वम्भर नेवर ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि मीडिया भी समाज का एक अभिन्न अंग है। ताजा टीवी समाज और मीडिया के बीच सेतु का काम कर रहा है। पूर्वी भारत में हिन्दी का एकमात्र सैटेलाईट चैनल होने के नाते समाज के प्रति हम अपने कर्तव्य का निर्वाह करने में हमेशा तत्पर रहे हैं। इस अवसर पर उद्योगपति एवं समाजसेवी देवेन्द्र जाजोदिया, जीआरएसआई के कैप्टन सुनील कुमार, सुभाष बोस इंस्टीच्यूट के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव सेन, एवं ग्रुप डायरेक्टर श्रीमती विदीषा सरकार, आकाश बाइजू के सुनील अग्रवाल प्रभृति विशेष अतिथि के रूप में इस सफल कार्यक्रम में उपस्थित थे।