पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक की तलाश जारी है
कोलकाता। राजाबाजार इलाके में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध व्यक्ति की जान चली गई। यह घटना तब हुई जब 202 नंबर की बस सियालदाह की ओर जा रही थी। बस की चपेट में आने से वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, वृद्ध व्यक्ति सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे तभी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने दुर्घटना के बाद बस को रोकने की बजाय उसे जाने दिया, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सड़क पर जमा हो गए और वहां से जाने आने वाहनों को बाधित कर दिया। कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा, गुस्साए भीड़ ने पुलिस की मोटर साइकिल भी तोड़ दी।
घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वृद्ध व्यक्ति राजाबाजार के फुटपाथ पर रहते थे और भीख मांगकर गुजारा करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक की तलाश जारी है। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।