त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 16 फरवरी को 60 विधानसभा क्षेत्रों में होंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव प्रचार के सिलसिले में छह फरवरी को त्रिपुरा में सभा करेंगे।
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस-वामपंथी गठबंधन पूरी जी जान लगा रहे हैं। ऐसे में तृणमूल सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को त्रिपुरा का दौरा पर जा रही हैं।
उसी दिन ममता बनर्जी का मंदिर में पूजा अर्चना के साथ-साथ रोड शो में शामिल होने का भी कार्यक्रम है। भाजपा के आला नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह त्रिपुरा में इसी दिन रैली करने वाले हैं।
यानी त्रिपुरा की जनता सोमवार को हाई वोल्टेज डे देखने जा रही है। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस पहली बार त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव लड़ रही है।
तृणमूल सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री और तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी छह फरवरी सोमवार को त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर जा रही हैं। उस दिन वह त्रिपुरसुंदरी मंदिर जाएंगी। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी वहां पूजा के साथ त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत करेंगी। वह सात फरवरी को अगरतला में मार्च निकालेंगी।