आरोपितों को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर जगह-जगह आंदोलन शुरू हो गया था।
कूचबिहार। जिले में एक किशोरी के यौन शोषण और हत्या के आरोप में भाजपा ने पुलिस अधीक्षक दफ्तर घेराव कार्यक्रम का गुरुवार आयोजन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा और भारतीय जनता महिला मोर्चा के इस कार्यक्रम से इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा के कार्यक्रम के पहले आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर जाने वाली कई सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बैरिकेड तोड़कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने पहुंच गए। जिससे पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई। बाद में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर बैठ गए। घटना से आसपास के इलाके में काफी तनाव फैल गयी।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुकुमार राय ने कहा कि पुलिस प्रशासन महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल है। उनकी नाकामी के कारण ही प्रदेश में महिलाओं पर बार-बार हमले हो रहे है। उन्होंने यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि 18 जुलाई को स्कूल से घर लौट रही एक किशोरी गायब हो गई थी। परिजनों के मुताबिक एक युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और अपहरण कर माथाभांगा ले गया, जहां किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इस बीच जब किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन किशोरी का कोई पता न चलने पर 20 जुलाई को पुंडीबारी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना की जांच के बाद पुलिस ने बप्पा बर्मन सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। यातना के परिणामस्वरूप, किशोरी गंभीर रूप से बीमार पर गई थी। पहले किशोरी को सिलीगुड़ी के एक नर्सिंग होम में ले जाया गया। इसके बाद किशोरी को 20 जुलाई की आधी रात को कूचबिहार एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 26 जुलाई को किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मच गयी। आरोपितों को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर जगह-जगह आंदोलन शुरू हो गया था।