मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने प्रम्बानन मंदिर पुनरुद्धार परियोजना का शुभारंभ किया
बिहार से तस्करी कर लाया जा रहा था बड़ा खेप
कोलकाता। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और खुफिया विभाग (डीडी) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार के गया जिले से कोलकाता में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक शातिर अपराधी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छह घातक आग्नेयास्त्र और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी गया से बस के जरिए कोलकाता पहुँचा था और हथियारों की यह खेप शहर के अपराधियों को सप्लाई की जानी थी।
पुलिस को गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि बिहार और झारखंड के रास्ते अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप कोलकाता में प्रवेश करने वाली है। इस सूचना के बाद कसबा थाना अंतर्गत रासबिहारी कनेक्टर पर सादे कपड़ों में पुलिस बल की तैनाती कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे गडिय़ाहाट से आने वाले वाहनों की जांच के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोका गया। ऑटो में सवार व्यक्ति की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। उसके पास मौजूद बैग से अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इस्तेयाक (38) के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार, इस्तेयाक इस नेटवर्क में एक 'कैरियर' के रूप में काम कर रहा था। उसके पास से 3 सिंगल-शॉट आग्नेयास्त्र, 2 सिक्स-चेंबर रिवॉल्वर और एक 7 एमएम की विदेशी पिस्टल बरामद हुई है। इसके साथ ही 11 राउंड जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
प्राथमिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कोलकाता या आसपास के जिलों में किसी बड़ी आपराधिक घटना या राजनीतिक हिंसा को अंजाम देने के लिए किया जाना था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस्तेयाक को यह हथियार गया में किसने सौंपे थे और कोलकाता में उसकी मुलाकात किससे होने वाली थी। कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि बिहार का मुंगेर और गया इलाका अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी का मुख्य केंद्र रहा है। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर पुलिस उस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रही है जो राज्य की सीमा पार कर हथियारों की सप्लाई कर रहा है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस संगठित अपराध की जड़ों तक पहुँचा जा सके।