मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने प्रम्बानन मंदिर पुनरुद्धार परियोजना का शुभारंभ किया
अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को आश्वस्त किया और हालात सामान्य होने के बाद परीक्षा दोबारा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई
कूचबिहार। माध्यमिक परीक्षा के पहले ही दिन तुफानगंज-(एक) ब्लॉक स्थित नाककाटी गाछ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक बड़े हादसे से परीक्षार्थी बाल-बाल बच गए। घटना को लेकर इलाके में भारी सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता के चलते किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
सोमवार को तय समय पर परीक्षा शुरू हुई थी। इस केंद्र पर बालाभूत हाई स्कूल, बालाभूत विद्यासागर विद्यापीठ और कृष्णपुर स्कूल के कुल 202 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा के दौरान स्कूल कैंटीन में चाय बनाते समय अचानक एक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जलते सिलेंडर को खींचकर स्कूल भवन से बाहर खुले मैदान के बीच ले जाकर रखा। गीले बोरे से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तुफानगंज दमकल केंद्र को सूचना दी गई।
दमकल के पहुंचने से पहले ही तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट की आवाज से घबराए परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष छोड़कर स्कूल के मैदान में आ गए। कुछ समय के लिए परीक्षा बाधित हो गई।
घटना की सूचना पाकर तुफानगंज के महकमा अधिकारी (एसडीओ) किंशुक माइती, एसडीपीओ कन्नेधारा मनोज कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को आश्वस्त किया और हालात सामान्य होने के बाद परीक्षा दोबारा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक दुलाल बसाक ने कहा कि पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। सिलेंडर खुले मैदान में फटने के कारण कोई भी घायल नहीं हुआ। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस ली।