वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
पुलिस ने मौके से हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है
कोलकाता। रिश्तों में तनाव ने खास कोलकाता के बीचोंबीच दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया गया। पोस्ता थाना इलाके के शिवठाकुर लेन में मंगलवार दोपहर एक युवक ने घर में घुसकर अपनी कथित प्रेमिका पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह चाकू हाथ में लिए तीन मंजि़ला इमारत की बालकनी से कूद गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के मुताबिक, मृत युवक की पहचान बड़ाबाजार के ही जगमोहन मल्लिक लेन के रहने वाले विक्की शर्मा उर्फ राजेंद्र शर्मा (40) के रूप में हुई है। घायल महिला का नाम शिखा सिंह है, जिनके पति की करीब दो साल पहले मौत हो चुकी है। शिखा अपने दो बच्चों के साथ किराए के घर में रहती थीं और सिलाई व साडिय़ों में फॉल्स-पिको लगाने का काम कर जीवनयापन करती थीं। पति पेशे से ऑटो चालक था।
बच्चे स्कूल गए थे, घर में अकेली थीं महिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जब शिखा के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, तभी आरोपी युवक अचानक उनके घर पहुंचा। आरोप है कि बातों-बातों में विवाद बढ़ा और युवक ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू निकालकर महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े, तब तक युवक नीचे कूद चुका था।
सड़क पर खून से लथपथ पड़ा मिला युवक
स्थानीय लोगों ने इमारत के चौक पर युवक को खून से लथपथ और गंभीर हालत में पड़ा देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, घायल शिखा को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रिश्ते और शादी को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शिखा और राजेंद्र की पहचान शिखा के पति के जीवित रहते हुई थी। पति की मौत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद शादी को लेकर दोनों में लगातार विवाद होने लगा था। महिला शादी का दबाव बना रही थीं, जबकि बेरोजग़ार होने के कारण युवक पीछे हट रहा था। इसी तनाव के चलते वारदात की आशंका जताई जा रही है।
छुरी बरामद, हर एंगल से जांच
पुलिस ने मौके से हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह हत्या की कोशिश के बाद आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश या रहस्य छिपा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।