वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है
कोलकाता। लक्ष्मी पूजा की रात दक्षिण 24 परगना के महेशतला थाना क्षेत्र के 11 नंबर वार्ड, रामपुर, बजबज ट्रंक रोड पर स्थित मर्सिडीज गैरेज नामक एक कार सर्विस सेंटर एवं शोरूम में भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग देखकर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। खबर पाकर महेशतला थाना पुलिस और दमकल की चार इंजन मौके पर पहुंचे। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस अग्निकांड में कई कारें जलकर खाक हो गईं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ। 11 नंबर वार्ड की काउंसिलर दीपिका दत्ता ने बताया कि सोमवार को इस शोरूम में कई नई कारें डिलीवरी के लिए लाई गई थीं। अचानक आग लग गई और एक के बाद एक कारें जलने लगीं। दमकल की कई गाडिय़ाँ मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल पर पहुंचे 17 नंबर वार्ड के काउंसिलर सुभाषिष दास ने बताया कि संभवत: शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी होगी।
महेशतला फायर ऑफिसर देबजीत मजूमदार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाडिय़ाँ मौके पर पहुंचीं। जब तक टीम पहुँची, तब तक शोरूम धधक रहा था। कई घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन 8 से 9 कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दमकल अधिकारियों के अनुसार, शोरूम में उचित अग्निशमन व्यवस्था न होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई। आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है।