पश्चिम बंगाल सरकार ने यूसीसी मसौदे के अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति की अधिसूचित
दमकल विभाग के मुताबिक आग कैसे लगी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है
कोलकाता। छुट्टी के दिन दोपहर अचानक आग लगने से भारी दहशत फैल गई। मौलाली के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें दूर से नजर आने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन अचानक लगी आग से पूरे इलाके में आतंक का माहौल बन गया। घटना मौलाली के आनंद पालित रोड की है, जहां कई बहुमंजिला इमारतें स्थित हैं। इनमें से ज्यादातर इमारतों में ऑफिस चलते हैं। रविवार दोपहर एक ऐसी ही इमारत की चौथी मंजिल के एक कमरे से अचानक ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठती देख राहगीरों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में आग की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग सड़क पर निकल आए और आसपास की इमारतों में मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
दमकल विभाग की 5 इंजन मौके पर पहुंचीं। काफी देर तक चले रेस्क्यू और आग बुझाने के अभियान के बाद आग को नियंत्रण में लाया गया। दमकल कर्मियों के मुताबिक, आग काफी तेजी से फैली थी, लेकिन समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग ने बताया कि रविवार होने की वजह से उस बहुमंजिला इमारत में ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। इसी कारण जान-माल के बड़े नुकसान से बचाव हो सका। अगर यह घटना किसी कार्यदिवस में होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के मुताबिक आग कैसे लगी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। कारण सामने आने के बाद ही यह कहा जा सकेगा कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं।
इस घटना के बाद बहुमंजिला इमारतों की फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्या इमारत में पर्याप्त अग्निनिरोधक इंतजाम थे? क्या फायर अलार्म और सुरक्षा उपकरण काम कर रहे थे? इन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन उससे ज्यादा असर इस घटना का मानसिक भय है, जो इलाके के लोगों में फैल गया है।