फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और बम स्क्वॉड के आने तक इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है
कूचबिहार। विधानसभा चुनाव से पहले जिले के मेखलीगंज में हड़कंप मच गया है। रनीरहाट इलाके में एक मोर्टार शेल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इसे शुक्रवार को सरोहाटी न्यू प्राइमरी स्कूल के पास सड़क से बरामद किया गया। बच्चों द्वारा खेल-खेल में इसे उठाने से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते टल गया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुबह कुछ बच्चे स्कूल के पास सड़क पर खेल रहे थे। तभी उन्हें जमीन पर पड़ा एक अजीब सा सामान दिखा। बिना समझे वे उससे खेलने लगे। यह देख स्थानीय लोग घबरा गए। बाद में इसे मोर्टार शेल के रूप में पहचान कर बच्चों से तुरंत दूर किया गया और पास के एक मक्के के खेत में सुरक्षित रख दिया गया। इसके बाद रनीरहाट पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, इलाके को घेर लिया और बम निरोधक दस्ता को बुलाया गया।
मेखलीगंज के ग्राम पंचायत सदस्य सुधीर राय ने बताया कि बच्चे उस मोर्टार शेल से खेल रहे थे। प्रशासन ने मोर्टार शेल को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
चुनाव से पहले इस तरह मोर्टार शेल मिलने से सवाल खड़े हो गए है। यह कहां से आया, इसे लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि पास बहने वाली जलढाका नदी के जरिए बहकर यहां आ सकता है। वहीं, कुछ का कहना है कि सड़क निर्माण में डाले गए पत्थर और मिट्टी के साथ यह यहां पहुंचा होगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और बम स्क्वॉड के आने तक इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।