एक के बाद एक झोपडिय़ां जलकर खाक, आग बुझाने के लिये उतर गई सेना
कोलकाता। इस बार तपसिया के बाद न्यू अलीपुर। शुक्रवार की शाम दुर्गापुर पुल के नीचे झुग्गी बस्ती में आग लग गयी। एक-एक कर उस झुग्गी-झोपड़ी की झोपडिय़ां जल गईं। घटनास्थल पर दमकल की 16 गाडिय़ों को काम पर लगाया पहले स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। बाद में दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थिति काबू से बाहर न जाये इसलिये पास के ही सेना कैंप से सेना के जवान पानी का टैंकर लेकर पहुंच गये। आपदा प्रबंधन की टीम भी आ गई। खबर पाकर राज्य के दो मंत्री अरूप विश्वास और फिरहाद हकीम मौके पर पहुंचे।
मालूम हो कि शनिवार शाम साढ़े 6 बजे के करीब अचानक एक झुग्गी में आग लग गयी। आग की लपटों ने झुग्गी बस्ती की कई झोपडिय़ों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आसमान धुएं के गुबार से ढक गया। जिस जगह आग लगी उसके बगल में कई ऊंची इमारतें भी हैं। दमकलकर्मियों को डर था कि झुग्गी बस्ती इलाके में ज्वलनशील पदार्थ प्रचुर मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल सकती है। कई झोपडिय़ों से धमाकों की आवाजें सुनी गईं। दमकलकर्मियों को लगा कि यह गैस सिलेंडर फटने की आवाज है। अभी तक यह निश्चित नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी। घटना के कारण दुर्गापुर ब्रिज पर यातायात बंद कर दिया गया। नतीजतन, व्यस्त घंटों के दौरान न्यू अलीपुर इलाके में ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई । आग लगने से पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि यहां रेलवे की जमीन पर अवैध बस्ती थी। यहां काफी प्लास्टिक का इस्तेमाल होता था। आग कैसे लगी इसका पता अभी नहीं चला है। 24 घंटे के अंदर शहर की दो झुग्गियों में लगी आग से कोलकाता के मेयर फिरहाद चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार झोपडिय़ों में आग क्यों लग रही है, इसकी जांच होनी चाहिए।