अर्जुन सिंह के इस तीखे बयान से मामले पर राज्य का राजनीतिक पारा और चढ़ गया है
कोलकाता। धर्मतल्ला में नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पत्रकारों पर हुए हमले को लेकर बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार का रुख लगातार सख्त होता जा रहा है। मुख्यमंत्री की कड़ी चेतावनी के बाद अब राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने वामपंथी दलों और अतिवामपंथी संगठनों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि ये तत्व फिर से अशांति फैलाने के लिए सड़कों पर उतरते हैं, तो उन्हें उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा जिसे वे समझते हैं।
रविवार को पानीहाटी के विजयपुर सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के कार्यक्रम में पहुंचे अर्जुन सिंह ने मीडिया से बातचीत में धर्मतला हिंसा के लिए अतिवामपंथी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि देशविरोधी गतिविधियों के जरिए राज्य का माहौल बिगाडऩे की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने कहा कि वे देश में आग लगाने का काम कर रहे हैं। अगर वे फिर मैदान में उतरेंगे तो उन्हें अच्छी तरह समझा दिया जाएगा।
अर्जुन सिंह ने कहा कि माकपा यह न सोचे कि जनता उसके शासनकाल के अत्याचारों को भूल चुकी है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के माओवादी गतिविधियों के खिलाफ कड़े रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि अशांति फैलाने वाले ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। धर्मतला हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर गुंडा नियंत्रण कानून लगाया गया है और जांच आगे बढऩे पर और भी कड़ी धाराएं जोड़ी जाएंगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को धर्मतला में निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस और पत्रकारों पर हमले के मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सख्त रुख के बाद पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है। अर्जुन सिंह के इस तीखे बयान से मामले पर राज्य का राजनीतिक पारा और चढ़ गया है।