पेपर लीक मामलों के लिए गठित होंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट : प्रधानमंत्री
जमीन से छू रहे थे पैर, हत्या या आत्महत्या के सस्पेंस में उलझी पुलिस
कोलकाता। दमदम पार्क इलाके में गुरुवार सुबह उस समय भारी सनसनी फैल गई, जब लोहे की एक रेलिंग से 30 से 35 वर्ष की आयु के एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ पाया गया। सुबह की सैर पर निकले स्थानीय लोगों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही लेकटाउन थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना स्थल का दृश्य कई गंभीर संदेह पैदा कर रहा है। मृतक का शव पूरी तरह से हवा में झूलने के बजाय उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इस रहस्यमयी स्थिति के चलते स्थानीय निवासियों और पुलिस दोनों के मन में हत्या की आशंका बलवती हो रही है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि युवक ने आत्महत्या की है तो घनी आबादी वाले इलाके में किसी की नजर उस पर पहले क्यों नहीं पड़ी? वहीं दूसरी ओर, यदि किसी ने हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए रेलिंग से लटकाया है, तो अपराधी बिना किसी की नजर में आए वारदात को अंजाम देकर कैसे निकल गए। फिलहाल लेकटाउन थाना पुलिस आसपास की दुकानों, बहुमंजिला इमारतों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक अंतिम बार किसके साथ देखा गया था या वह अकेले वहां पहुंचा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच जारी है।