दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर मचे बवाल के बीच मंगलवार को भाजपा नेता लाकेट चटर्जी और मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की।
बर्दवान। दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर मचे बवाल के बीच मंगलवार को भाजपा नेता लाकेट चटर्जी और मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बरूईपुर के सूर्यापुर-रतनपुर स्थित पीड़िता के घर जाकर परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली, उनका हालचाल जाना और न्याय की लड़ाई में हर कदम पर साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और मुख्य आरोपी सहित सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर प्रशासन शुरू से ही पीड़ित परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से परिवार और गांव के लोगों से बातचीत कर रहे हैं तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति केवल एक नारा या राजनीतिक बयान नहीं है, बल्कि इसे कार्रवाई के माध्यम से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग केवल भाषण नहीं, बल्कि सरकार की कार्रवाई देख रहे हैं। इसी का परिणाम है कि घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित लगभग सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि जिस तरह से 11 वर्षीय बच्ची को जन्मदिन की पार्टी के बहाने ले जाकर उसके साथ अमानवीय अत्याचार किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई, वह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को केवल जेल भेज देना पर्याप्त नहीं है। यदि वे आजीवन जेल में सरकारी खर्च पर जीवन बिताते रहें, तो इसे वास्तविक न्याय नहीं कहा जा सकता। ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोरतम सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में ऐसा अपराध करने वालों के मन में कानून का भय पैदा हो।
अभियुक्तों के नशे में होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में अवैध शराब की दुकानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। जहां भी अवैध शराब की बिक्री हो रही होगी, वहां सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसी दुकानों को ध्वस्त किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द से जल्द मुकदमे का निपटारा कर दोषियों को सजा दिलाना है। उन्होंने कहा, "न्याय में देरी, न्याय से वंचित करने के समान है।" इसलिए सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिले।