राज्यपाल के इस बयान पर तृणमूल के प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने पलटवार किया
कोलकाता। हाल ही में जारी नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की 2023 की रिपोर्ट में कोलकाता को देश का सबसे सुरक्षित शहर बताया गया है। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच खूब बहस भी हुई। इसी बीच, दुर्गापुर कांड के बाद राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने कहा है कि राज्य में लड़कियाँ सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस बारे में जो कुछ भी कहना था, वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजी गई रिपोर्ट में कह दिया है। दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोप को लेकर राजनीतिक खींचतान बढ़ गई है। तीन दिन पहले राज्यपाल बोस ने दुर्गापुर जाकर पीडि़ता से मुलाकात की थी। उस समय उन्होंने कहा था, बंगाल के लोग राष्ट्रपति शासन चाहते हैं। दुर्गापुर कांड को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को रिपोर्ट भेजने के बाद, राज्य की कानून-व्यवस्था पर राज्यपाल ने कहा कि बंगाल लड़कियों के लिए सुरक्षित नहीं है। कानून-व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है। यह मेरा मत है। राज्यपाल ने बताया कि घटनास्थल का दौरा करने और पीडि़ता व उसके परिवार से बात करने के बाद उन्हें यह अनुभूति हुई है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजी गई रिपोर्ट में सारी जानकारी दे दी है। राज्यपाल के इस बयान पर तृणमूल के प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि बंगाल लड़कियों के लिए सुरक्षित है। यह एनसीआरबी की रिपोर्ट कहती है। लड़कियों पर सबसे ज्यादा हमले राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उसके बाद मध्य प्रदेश में होते हैं। यह हमारी बनाई हुई रिपोर्ट नहीं है, क्या राज्यपाल यह नहीं जानते? पश्चिम बंगाल को लेकर राज्यपाल की यह रिपोर्ट गलत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। वह बीजेपी के कहने पर ऐसी रिपोर्ट दे रहे हैं और बात कर रहे हैं। मैं एक बात कह सकता हूँ कि राजभवन लड़कियों के लिए सुरक्षित नहीं है। इसलिए राज्यपाल के मुँह से ऐसी बातें शोभा नहीं देती।