'आत्महत्या' नहीं प्रेमिका ने ही की थी विक्की की हत्या
कोलकाता। महानगर के व्यस्ततम व्यापारिक केंद्र पोस्ता इलाके में पिछले दिनों हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिसे शुरुआती तौर पर आत्महत्या या आपसी विवाद माना जा रहा था, वह वास्तव में एक सोची-समझी हत्या निकली। पोस्ता थाना पुलिस ने राजेंद्र उर्फ विक्की शर्मा की हत्या के आरोप में उसकी विधवा प्रेमिका शिखा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत के मामले को अब हत्या की संगीन धाराओं में तब्दील कर दिया है।
घटना बीते 16 दिसंबर की है, जब पोस्ता के शिव ठाकुर लेन स्थित एक बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर राजेंद्र शर्मा लहूलुहान हालत में मिला था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस को एक खून से सना चाकू भी बरामद हुआ था। उस वक्त फ्लैट में मौजूद उसकी प्रेमिका शिखा सिंह ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी रची थी। शिखा ने दावा किया था कि विक्की ने जबरन उसके घर में घुसकर उस पर चाकू से हमला किया और बाद में खुद बालकनी से कूदकर जान दे दी। शिखा खुद भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हुई थी, जिससे मामला आत्मरक्षा या आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा था। हालांकि, जांच आगे बढऩे के साथ ही शिखा के बयानों की परतें उखडऩे लगीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के संदेह को यकीन में बदल दिया। रिपोर्ट के अनुसार, विक्की के सीने और पीठ पर चाकू के कई गहरे जख्म थे, जो किसी भी स्थिति में खुदकुशी के नहीं हो सकते थे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और जांचकर्ताओं ने पाया कि घटना वाले दिन दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद शिखा ने विक्की पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे बालकनी से नीचे धकेल दिया। घटनास्थल की जांच में किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी के प्रमाण भी नहीं मिले हैं। मृतक के परिजनों द्वारा 22 दिसंबर को दर्ज कराई गई शिकायत और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को शिखा सिंह को सलाखों के पीछे भेज दिया। सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट इस केस में अहम कड़ी साबित हुए हैं। पोस्ता जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने स्थानीय निवासियों को स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उस रात विवाद की मुख्य वजह क्या थी, जिसने एक प्रेम संबंध का अंत खूनी वारदात से कर दिया।