वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
पार्टी दफ्तर पर कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल, नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
कोलकाता। सॉल्टलेक स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर शनिवार को लगातार दूसरे दिन भारी गहमागहमी और जनाक्रोश का नजारा देखने को मिला। विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई उम्मीदवारों की शुरुआती दो सूचियों ने पार्टी के भीतर एक बड़े असंतोष को जन्म दे दिया है, जो अब सड़कों पर बगावत के रूप में उतर आया है। सैकड़ों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने न केवल नारेबाजी की, बल्कि राज्य नेतृत्व पर सीधे तौर पर टिकटों की खरीद-फरोख्त जैसे संगीन आरोप लगाकर सनसनी फैला दी।
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा मुख्य रूप से राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और चुनाव प्रभारी सुनील बंसल पर केंद्रित था। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं की बलि देकर हाल ही में दूसरे दलों से आए नेताओं को तरजीह दी गई है। असंतोष की यह आग केवल कोलकाता तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बंगाल में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को झकझोर रही है। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में तोडफ़ोड़ की, जहाँ वे परितोष दास की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं। मयनागुड़ी में तो स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कार्यकर्ताओं ने उम्मीदवार बदलने की मांग को लेकर दफ्तर पर ताला ही जड़ दिया। इसके अलावा बेलियाघाटा, एंटाली, खडग़पुर, गोसाबा और कुलपी जैसे क्षेत्रों से आए समर्थकों ने साल्टलेक मुख्यालय पर डेरा डाल दिया है। उनकी स्पष्ट चेतावनी है कि यदि उम्मीदवारों के नाम नहीं बदले गए, तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे या निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में मैदान में उतरेंगे। बैरकपुर, चंपदानी, जगद्दल और नैहाटी जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर भी विरोध के स्वर मुखर हैं। विशेष रूप से बैरकपुर में कौस्तव बागची और जगद्दल में पूर्व पुलिस अधिकारी राजेश कुमार की उम्मीदवारी ने स्थानीय खेमे में नाराजगी पैदा कर दी है। भाजपा नेतृत्व के लिए यह स्थिति दोहरी चुनौती बन गई है एक तरफ उन्हें ममता बनर्जी की तृणमूल से मुकाबला करना है, तो दूसरी तरफ अपने ही घर में लगी इस बगावत की आग को शांत करना है। फिलहाल दिल्ली में अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ होने वाली बैठकों में इन विवादित सीटों पर पुनर्विचार की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि जमीनी कार्यकर्ताओं की यह नाराजगी मतदान के दिन पार्टी के लिए घातक साबित हो सकती है।