विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्कूल वाहन और ट्रेन की टक्कर में हुई दर्दनाक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्कूल वाहन और ट्रेन की टक्कर में हुई दर्दनाक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का भी आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर जारी संदेश में कहा कि इस हादसे के दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। राज्य सरकार घायलों और मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी है तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के मंत्री गौरीशंकर घोष मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मिले हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय स्वयं पूरे इलाज और चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि सभी घायलों को बेहतर उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, हालांकि इसकी विस्तृत घोषणा बाद में की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह मुर्शिदाबाद के कर्णसुबर्ण और गोविंदपुर स्टेशनों के बीच एक समपार फाटक पर स्कूल वाहन ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस के अनुसार इस हादसे में अब तक चार स्कूली बच्चों सहित कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच अन्य घायल हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेलवे ने दो बच्चियों और एक बुजुर्ग की मौत की पुष्टि करते हुए उनकी पहचान नौ वर्षीय जेसिका यासमीन, छह वर्षीय फरहाना सुल्ताना और 65 वर्षीय जमशेद अली के रूप में की है। वहीं मुर्शिदाबाद पुलिस अधीक्षक सचिन मक्कड़ ने बताया कि मृतकों की संख्या पांच हो गई है। पुलिस के अनुसार तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि दो बच्चों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की जांच जारी है।