एक करोड़ मुआवजा, केस वापस होंगे; प्रधान के इस्तीफे के साथ ही CJP का आंदोलन खत्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिषेक बनर्जी और उनके सहयोगियों द्वारा किए गए आपराधिक कृत्यों के लिए उन्हें किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के 'सेवाश्रय' स्वास्थ्य शिविरों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवाश्रय शिविरों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें सरकार के पास पहुंची हैं। इन शिकायतों के आधार पर दर्ज प्राथमिकी पर कार्रवाई जारी है और अब प्रत्येक शिकायत को अलग-अलग एफआईआर के रूप में दर्ज कर जांच की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिविरों में मरीजों को समय-सीमा समाप्त हो चुकी दवाइयां दी गईं। विधानसभा में उन्होंने जूनियर चिकित्सक राजीव विश्वास का मुख्यमंत्री को लिखा एक पत्र भी पढ़कर सुनाया, जिसमें कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए राज्य पुलिस की सीआईडी, एसटीएफ, दक्षिण 24 परगना जिला पुलिस और चिकित्सा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के जीवन को नुकसान पहुंचा है या जिन्होंने सेवाश्रय शिविरों में किसी प्रकार की हानि झेली है, उनकी हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिषेक बनर्जी और उनके सहयोगियों द्वारा किए गए आपराधिक कृत्यों के लिए उन्हें किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें उचित दंड दिलाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में अभिषेक बनर्जी ने अपने संसदीय क्षेत्र सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में 'सेवाश्रय' स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया था। इन शिविरों में गरीबों को निशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद इन शिविरों के संचालन, आवश्यक सरकारी अनुमतियों, दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों के उपयोग तथा अन्य प्रक्रियाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आईं, जिनकी जांच फिलहाल जारी है।