वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
इन नियुक्तियों के बदले अयोग्य अभ्यर्थियों से करोड़ों रुपये की रिश्वत वसूलने के पुख्ता इनपुट एजेंसी को मिले हैं
कोलकाता। बहुचर्चित नगर निकाय भर्ती घोटाले की जांच कर रही ईडी की टीम ने तृणमूल के हेवीवेट विधायक मदन मित्रा के खिलाफ अपनी घेराबंदी बेहद सख्त कर दी है। शनिवार को विधायक के विभिन्न ठिकानों पर करीब आठ घंटे तक चले मैराथन तलाशी अभियान के बाद ईडी ने वहां से बरामद मदन मित्रा के मोबाइल फोन को कस्टडी में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच एजेंसी को मदन मित्रा के दक्षिणेश्वर स्थित आवास से कई संदिग्ध बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जबकि भवानीपुर स्थित घर से भी भारी मात्रा में वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, जोका स्थित उनके एक फ्लैट से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और राज्य के कुछ रसूखदार कारोबारियों के मोबाइल नंबर मिलने की सनसनीखेज जानकारी सामने आई है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घोटाले की जड़ें वर्ष 2023 में गिरफ्तार हुए प्रमोटर और कारोबारी अयन शील के दफ्तर से जुड़ी हैं, जहां से नगर निकायों में भर्ती से संबंधित ओएमआर शीट, अभ्यर्थियों की सूचियां और भारी मात्रा में गुप्त दस्तावेज बरामद हुए थे। अयन शील से पूछताछ और उसी कडिय़ों को जोड़ते हुए कामारहाटी समेत कई नगरपालिकाओं में कथित रूप से अवैध नियुक्तियों का एक बड़ा रैकेट सामने आया था, जिसके बाद से ही कामारहाटी के विधायक मदन मित्रा केंद्रीय जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए थे। शनिवार को जब ईडी की टीम जोका स्थित उनके पुराने फ्लैट पर पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला, जिसके बाद अधिकारियों को कड़ा रुख अपनाते हुए ताला तोड़कर भीतर प्रवेश करना पड़ा और तलाशी पूरी होने के बाद वहां नया ताला लगाया गया।
जांच एजेंसी का सीधा आरोप है कि कामारहाटी सहित राज्य की विभिन्न नगरपालिकाओं में हुई 125 से अधिक अवैध और फर्जी नियुक्तियों में मदन मित्रा की मुख्य भूमिका रही है। इन नियुक्तियों के बदले अयोग्य अभ्यर्थियों से करोड़ों रुपये की रिश्वत वसूलने के पुख्ता इनपुट एजेंसी को मिले हैं। इससे पहले सीबीआई भी इसी मामले में मदन मित्रा के घर पर दस्तक दे चुकी है, लेकिन ईडी की इस ताजा छापेमारी और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच के बाद अब इस भर्ती घोटाले में कई नए और चौंकाने वाले चेहरों के बेनकाब होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।