मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने प्रम्बानन मंदिर पुनरुद्धार परियोजना का शुभारंभ किया
सभी आरोपितों को रिमांड के आवेदन के साथ मंगलवार को अदालत में पेश किया गया
मालदह। मालदह जिले के इंग्लिश बाजार थाना अंतर्गत कुम्हारपुर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने 16 किलो 998 ग्राम ब्राउन शुगर, आठ लाख 78 हजार 500 रुपये नकद, 20 किलो सोडियम कार्बोनेट, लगभग 25 किलो लाइम हाइड्रॉक्साइड और कुल 80 लीटर तरल पदार्थ से भरी चार सीलबंद पानी की बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा नशीले पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली पंचिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, पुराने उपकरण और बर्तन भी जब्त किए गए। मंगलवार को पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। तलाशी कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार अपराह्न सब-इंस्पेक्टर अभिषेक भट्टाचार्य को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुम्हारपुर स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जमा किए गए हैं, जिन्हें पैसों के बदले सप्लाई करने की तैयारी है। सूचना के आधार पर एसआई अभिषेक भट्टाचार्य अपनी टीम के साथ महिबुबा खातून के गैराज कक्ष में छापेमारी करने पहुंचे। छापेमारी के दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें बिहार और पश्चिम बंगाल के निवासी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक एप्पल आईफोन 16 प्रो मैक्स मोबाइल फोन के साथ-साथ एक स्लाविया मोटरसाइकिल, एक स्कॉर्पियो वाहन, एक कर्व कार और दो आरसी बुक भी जब्त की गईं।
मंगलवार को पुलिस ने बताया कि बिहार से आए आरोपित कुम्हारपुर से ब्राउन शुगर एकत्र कर उसे बिहार के विभिन्न हिस्सों में बेचने और तस्करी करने का काम करते थे। इस नेटवर्क के जरिए लंबे समय से अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 25, 27(ए), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 111/61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपितों को रिमांड के आवेदन के साथ मंगलवार को अदालत में पेश किया गया।