एनआरआई कोटे से दाखिला दिलाने का है मामला
कोलकाता। ईडी के अधिकारियों ने मंगलवार को बंगाल में विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी कई मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में एनआरआई कोटे के तहत दाखिलों में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में जांच कर रही है। इस दौरान अधिकारियों ने तलाशी ली।
ईडी अधिकारियों ने साल्टलेक के साथ बीरभूम, दुर्गापुर, झाडग़्राम और बद्र्धमान जिलों में संबंधित संस्थानों के अधिकारियों के आवासों पर भी छापेमारी की। बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों के साथ ईडी अधिकारियों ने हल्दिया में पूर्व माकपा नेता लक्ष्मण सेठ के आवास और उनके एनजीओ द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेजों पर भी छापेमारी की। उन्होंने बताया कि बोलपुर के मुकुल इलाके में शांतिनिकेतन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भी इसी तरह की छापेमारी की गई है। कथित तौर पर इस मामले में पैसे के बदले फर्जी प्रमाणपत्र जमा किए गए और मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिए गए। इस साल सितंबर में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने भी मामले पर चिंता जताई थी। देश भर में 28 जगहों पर एमबीबीएस प्रवेश में कोटा भ्रष्टाचार की सूचना मिली है। एनआरआई का फुल फॉर्म नॉन रेजिडेंट इंडियन है। वे सभी लोग जो भारतीय मूल के हैं और देश से बाहर रहते हैं, एनआरआई कहलाते हैं। इस कोटे के तहत देश भर के मेडिकल कॉलेजों में एनआरआई के लिए सीटें आरक्षित रखी जाती हैं।