। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं
कोलकाता। पिकनिक गार्डन इलाके में रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुस्तिया रोड स्थित एक गाडिय़ों के स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और तत्परता के कारण समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में लेने से पहले ही लपटों को शांत कर दिया गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, शाम के समय अचानक गोदाम से गहरा काला धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम के भीतर गाडिय़ों के पुराने कलपुर्जे और टायर जैसे ज्वलनशील सामान मौजूद थे, जिसकी वजह से आग तेजी से विकराल रूप ले रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। संकरी गलियां और घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के बावजूद, दमकल की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि दमकल की गाडिय़ां पहुंचने में थोड़ी भी देरी होती, तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।