राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को मिले कठोर दंडः संघ
फिलहाल आग बुझा ली गई है और पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है
हावड़ा। हावड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत संध्याबाजार इलाके में रविवार को उस समय भारी अफरातफरी मच गई, जब एक बहुमंजिला आवासन (अपार्टमेंट) के नीचे स्थित जलपान की दुकान में अचानक भयावह आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत दुकान से हुई थी, लेकिन सड़क पर लटक रहे बिजली के अवैध तारों के मकडज़ाल ने आग में घी का काम किया। चिंगारियां तारों तक पहुँचते ही आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास के रिहायशी हिस्से और दुकानों पर भी खतरा मंडराने लगा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और प्रशासन को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही हावड़ा थाना की पुलिस और दमकल की दो इंजन मौके पर पहुँचे। दमकलकर्मियों ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग को समय रहते रोक लिया गया, अन्यथा यह घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में बड़ी जान-माल की हानि का कारण बन सकती थी। सुरक्षा कारणों और दमकल अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया। इसके कारण व्यस्त सड़क पर काफी समय तक जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल आग बुझा ली गई है और पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।