'जिस तरह आप दौड़-भाग कर रहीं, मैं नहीं कर सका'
कोलकाता। विधानसभा में शुक्रवार को उस समय एक दुर्लभ और दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब पूर्व नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने भाजपा सरकार की मौजूदा नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की। राजनीतिक कड़वाहट और वार-पलटवार के बीच हकीम के इस बयान ने सदन का माहौल बदल दिया।
हकीम ने अग्निमित्रा की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि मंत्री पद संभाले महज ढाई महीने ही हुए हैं, लेकिन वह जिस तरह सुबह से शाम तक विभिन्न इलाकों का दौरा कर कार्रवाई कर रही हैं, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आप चारों ओर दौड़-भाग कर काम कर रही हैं, शायद मैं अपने कार्यकाल में ऐसा नहीं कर पाया। हकीम ने शहर में अवैध रूप से जलाशयों को भरने की समस्या पर पुलिस की मदद से सख्ती बरतने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि यदि शुभेंदु अधिकारी और अग्निमित्रा के नेतृत्व में शहर बेहतर बनता है, तो उन्हें गर्व होगा।
फिरहाद की इस अप्रत्याशित तारीफ का जवाब देते हुए मंत्री अग्निमित्रा ने उनका आभार जताया, लेकिन साथ ही पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के 15 साल के कार्यकाल पर तीखे सवाल भी दागे। उन्होंने पूछा कि इतने सालों तक सत्ता में रहने के बावजूद जलभराव और जलनिकासी जैसी बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ और नगरपालिकाओं के बजट आवंटन में केवल प्रभावशाली मंत्रियों के क्षेत्रों को ही प्राथमिकता क्यों दी गई? अग्निमित्रा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान भाजपा सरकार के दौर में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता और समानता के साथ विकास कार्य किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फिरहाद हाकिम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सार्वजनिक तौर पर तारीफ कर चुके हैं, जिसके बाद से उनके इस बदले रुख ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।