टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
कोलकाता और बनगांव समेत 8 ठिकानों पर ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी
कोलकाता। मंगलवार सुबह ईडी ने एक बड़े वित्तीय घोटाले के सिलसिले में कोलकाता, बनगांव और उत्तर 24 परगना सहित राज्य के आठ ठिकानों पर एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान शुरू किया। आरोप है कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक संगठित गिरोह द्वारा करीब 20 हजार आम लोगों से लगभग 165 करोड़ रुपये की विशाल धनराशि ठग ली गई। केंद्रीय सुरक्षा बलों के कड़े पहरे के बीच ईडी की अलग-अलग टीमें विभिन्न स्थानों पर वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों को खंगालने में जुटी हैं।
जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, इस पूरे ठगी नेटवर्क के मास्टरमाइंड के रूप में अभिजीत विश्वास नामक व्यक्ति की भूमिका उजागर हुई है। केवल बनगांव इलाके में ही चार प्रमुख ठिकानों पर रेड की जा रही है, जिनमें अभिजीत विश्वास का आवास और उनके एक पड़ोसी का घर भी शामिल है। हालांकि कार्रवाई के समय अभिजीत अपने घर पर मौजूद नहीं पाया गया। अधिकारियों का मुख्य ध्यान इस बात को खंगालने पर केंद्रित है कि ठगी के जरिए जुटाए गए इस अवैध धन को कहाँ-कहाँ निवेश किया गया, किन-किन बेनामी संपत्तियों को खरीदा गया और इस पूरे सिंडिकेट में कौन-कौन से रसूखदार शामिल थे।
तलाशी अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक पासबुक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। गौरतलब है कि यह बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई ऐसे दिन हुई है जब 21 जुलाई को लेकर राज्य में सियासी सरगर्मियां अपने चरम पर थीं। शहीद दिवस के राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच ईडी की इस अचानक और बड़ी रेड ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक तथा प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।