यूएई टैंकरों पर ईरानी हमले में भारतीय नाविक की मौत, ईरानी राजनयिक तलब
बॉलीवुड के 'हीरो नंबर-1' गोविंदा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी नई फिल्म 'रूपा' की आधिकारिक घोषणा की।
बॉलीवुड के 'हीरो नंबर-1' गोविंदा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी नई फिल्म 'रूपा' की आधिकारिक घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया। फिल्म में गोविंदा के साथ नवोदित अभिनेत्री रानी स्वर्णकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। गौरतलब है कि गोविंदा आखिरी बार वर्ष 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'रंगीला राजा' में दिखाई दिए थे।
गोविंदा इस फिल्म में सिर्फ मुख्य अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्माता की भूमिका भी निभा रहे हैं। फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'रूपा' खास तौर पर युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म युवाओं को अपने सपनों पर विश्वास करने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी। अभिनेता ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों पर अपनी अलग छाप छोड़ेगी।
अपने लंबे अंतराल पर बात करते हुए गोविंदा ने कहा कि कई लोगों ने मान लिया था कि अब वह फिल्मों में वापसी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "लोग कहते रहे कि अब मैं फिल्मों में नजर नहीं आऊंगा, लेकिन मैंने हमेशा नई शुरुआत पर भरोसा किया। शायद यही मेरी नियति थी कि मुझे बार-बार खुद को साबित करना पड़ा।" उन्होंने कहा कि अब वह एक नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं।
गोविंदा ने बताया कि 'रूपा' उनके करियर की नई पारी की शुरुआत होगी। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट और अन्य कलाकारों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अभिनेता के इस ऐलान के बाद उनके प्रशंसकों में एक बार फिर उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का उत्साह बढ़ गया है।