वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
दिन की तुलना में रात में बढ़ रही है गर्मी, बारिश से गिरेगा 5 डिग्री तक तापमान
कोलकाता। अप्रैल का महीना खत्म होने को है और गर्मी अपने चरम पर है। कोलकाता में तापमान भले ही 39 डिग्री के करीब हो लेकिन अहसास 50 डिग्री वाला हो रहा है। लोगों की निगाह आसमान की ओर है कि आखिर राहत की बारिश कब होगी। स्थिति यह है कि दोपहर होते ही सड़कों से लोग नदारत हो जा रहे हैं। सड़कें सूनसान और दुकान विरान सी दिखाई पड़ रही है। प्रचंड इस गर्मी में अलीपुर मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। अलीपुर मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सोमनाथ दत्त ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को कोलकाता सह दक्षिण बंगाल के कई जिलों में लू चलेगी और गर्मी प्रचंड रूप में रहेगा लेकिन शनिवार रात से मौसम में बदलाव होगा और तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा। रविवार को महानगर कोलकाता में 40 से 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी और मुसलाधार बारिश होगा, जबकि उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में 50 से 60 किमी. की रफ्तार से हवा चलेगी और बारिश होगी। उन्होंने कहा कि सोमवार और मंगलवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगी। तीन दिनों तक होने वाले बारिश के कारण तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आयेगी और कोलकाता का तापमान 32 डिग्री के करीब पहुंच जायेगा। हालांकि उन्होंने कहा कि मई माह के शुरुआत में गर्मी फिर अपने प्रचंड रूप में होगी।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मेदिनीपुर, झाडग़्राम, बांकुड़ा, पूर्व व प. बर्धमान और बीरभूम जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है और इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता जारी की गई है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है, जो लू की श्रेणी में आता है। बुधवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान पश्चिम मेदिनीपुर का कलाइकुंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दमदम में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अलीपुर मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी से भरी हवाएं तो आ रही हैं, लेकिन इनमें वर्षा कराने की क्षमता नहीं है। ये जलवाष्प ज़मीन के पास जमा होकर ताप को बाहर नहीं निकलने दे रही हैं, जिससे गर्मी और उमस और भी बढ़ गई है। साथ ही, झारखंड की ओर से गर्म हवाएं भी बंगाल में प्रवेश कर रही हैं, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। दक्षिण बंगाल में शुक्रवार तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि शनिवार को कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन उससे तापमान में विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं, उ. बंगाल के जिलों में आने वाले कुछ दिनों में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कालिम्पोंग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण बंगाल में अभी कुछ दिन और लोगों को तेज़ गर्मी और उमस झेलनी पड़ेगी।