वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
एक अनुमान है कि किसी पुराने विवाद में उसकी जान गई होगी
कोलकाता। हफ्ते की शुरुआत ही खून-खराबे से हुई। सोमवार सुबह हरीदेवपुर के कबरडांगा मछली बाजार से एक अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। मृतक का सिर किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचल दिया गया था। चारों ओर खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर सुबह-सुबह बाजार में हड़कंप मच गया। सुबह जब व्यापारी दुकान खोलने आए, तो उन्होंने बाजार के बीचों-बीच युवक का खून से सना शव देखा। तुरंत पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही हरीदेवपुर थाने की पुलिस और लालबाजार की हॉमिसाइड ब्रांच मौके पर पहुंची। जांच के लिए स्निफर डॉग भी बुलाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक को उन्होंने पहले भी इलाके में देखा था। वह अक्सर बोतल बीनने का काम करता था। कुछ लोगों का अनुमान है कि वह वैन चलाकर भी जीविका चलाता था, क्योंकि पुलिस को पास ही से एक साइकिल वैन भी बरामद हुई। हालांकि, अब तक उसकी पहचान पूरी तरह से नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के पूरे शरीर पर चोट के कई निशान हैं। सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, वहीं पीछे धारदार हथियार से भी चोट के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि युवक की हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम.आर बांगुर अस्पताल भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
घटना के रहस्य से पर्दा उठाने के लिये पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है साथ ही बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कबरडांगा बाजार हरीदेवपुर थाने से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर है। इतनी नजदीकी में हत्या होने से इलाके में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मृतक साधारण वैन चालक या कबाड़ी का काम करने वाला था। ऐसे व्यक्ति की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई, यह सवाल अब भी बड़ा रहस्य बना हुआ है। एक अनुमान है कि किसी पुराने विवाद में उसकी जान गई होगी।