अंडा फेंकने की घटनाओं पर कलकत्ता हाई कोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच और चौकसी बढ़ा दी गई है
हावड़ा। शालीमार स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नेपाली नागरिक को भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बरामद अमेरिकी डॉलर, यूरो और नेपाली मुद्रा की भारतीय बाजार में कुल कीमत करीब 23 लाख 63 हजार 800 रुपये आंकी गई है। इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और इस मामले के तार अंतरराष्ट्रीय तस्करी या हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पटना-शालीमार दुरंतो एक्सप्रेस जैसे ही शालीमार स्टेशन पर रुकी, जीआरपी के जवानों को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वह व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराने लगा और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। संदेह के आधार पर जब उसे रोककर पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान नेपाल निवासी इंद्र बहादुर कटवाल के रूप में हुई। जब उसके पास मौजूद बैग की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखी गई विदेशी करेंसी की गड्डियां बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान आरोपी इंद्र बहादुर ने दावा किया कि वह इस मोटी रकम के साथ कोलकाता में इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी करने आया था।
हालांकि, जब पुलिस ने उससे इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा ले जाने के संबंध में वैध लाइसेंस, बैंक दस्तावेज या कस्टम क्लीयरेंस के कागज मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक प्रमाण पेश नहीं कर सका। बिना किसी कानूनी दस्तावेज के इतनी बड़ी रकम का परिवहन करना गैर-कानूनी होने के कारण जीआरपी ने तत्काल प्रभाव से उसे गिरफ्तार कर लिया और नकदी जब्त कर ली। आरोपी को गुरुवार को हावड़ा जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
जांच अधिकारी अब इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह पैसा किस माध्यम से भारत लाया गया और कोलकाता में इसे किसे सौंपा जाना था। पुलिस को संदेह है कि यह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा हो सकता है जो अवैध रूप से मुद्रा विनिमय या हवाला के कारोबार में लिप्त है। इस बीच, दक्षिण पूर्व रेलवे के खडग़पुर डिवीजन के अधिकारियों ने फिलहाल इस संवेदनशील मामले पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच और चौकसी बढ़ा दी गई है।