वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
दहशत के बीच पुलिस ने दो सगे भाइयों को दबोचा
कोलकाता। डायमंड हार्बर पुलिस जिला अंतर्गत ठाकुरपुकुर-महेशतला ब्लॉक के आशुति प्लाजा और उससे सटे सरसुना इलाके में चोरों के एक गिरोह ने एक ही रात में करीब 10 खाली घरों और कार्यालयों को निशाना बनाकर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। इस दुस्साहसिक वारदात में चोरों ने न केवल कीमती आभूषणों पर हाथ साफ किया, बल्कि भारी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान भी समेट ले गए। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपजे भारी रोष को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और चोरी के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कालीतल्ला थाने के प्रभारी (ओसी) रूपम भट्टाचार्य के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। पुलिस ने क्षेत्र में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने सरिशा इलाके में एक ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से कचि मिस्त्री और छोट्टू मिस्त्री नामक दो सगे भाइयों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह एक पारिवारिक गिरोह की तरह काम कर रहा था, जिसमें इनका एक तीसरा भाई भी सक्रिय रूप से शामिल है, जो फिलहाल गिरफ्तारी के डर से फरार बताया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की गई तीन सोने की चेन सहित कुल 11 सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। 11 फरवरी को कालीतल्ला थाने में मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस की कई टीमें इस गिरोह के पीछे लगी हुई थीं। दोनों आरोपियों को शनिवार को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने उन्हें वारदात की कडिय़ों को जोडऩे और अन्य बरामदगी के लिए दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस का मानना है कि हिरासत के दौरान होने वाली पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और क्षेत्र में हुई पिछली चोरियों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल, फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और निवासियों के भरोसे को बहाल करने के लिए प्रभावित इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।