यूएई टैंकरों पर ईरानी हमले में भारतीय नाविक की मौत, ईरानी राजनयिक तलब
होर्मुज जलडमरूमध्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के टैंकरों पर हुए हमलों में एक भारतीय नाविक की मौत और कई अन्य के घायल होने के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए यहां स्थित ईरानी दूतावास के प्रमुख राजनयिक को तलब किया है।
नई दिल्ली। होर्मुज जलडमरूमध्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के टैंकरों पर हुए हमलों में एक भारतीय नाविक की मौत और कई अन्य के घायल होने के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए यहां स्थित ईरानी दूतावास के प्रमुख राजनयिक को तलब किया है।
भारतीय सम्मन पर ईरानी दूतावास में डिप्टी चीफ ऑफ मिशन मोहम्मद जवाद हुसैनी विदेश मंत्रालय पहुंचे। जानकारी के अनुसार इस दौरान दूतावास के अधिकारी से भारतीयों पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता जाहिर की गई।
इससे पहले मंगलवार तड़के यूएई के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि टैंकर मोम्बासा और बाहिया को दो ईरानी क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया था। इस हमले में मोम्बासा टैंकर पर मौजूद एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए। इनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई थी, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया।
यूएई ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। मंत्रालय ने कहा कि यह हमला क्षेत्र की स्थिरता को कमजोर करने वाला है और देश अपनी संप्रभुता व सुरक्षा की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है।