टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर तीसरा संदिग्ध गिरफ्तार, मध्यमग्राम से धराया
कोलकाता। राजारहाट स्थित सुपारीबागान इलाके में हुए सनसनीखेज बम विस्फोट मामले की जांच कर रही पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी से कड़ाई से की गई पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस पूरे विस्फोट कांड में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को मध्यमग्राम के राजबाती इलाके में छापेमारी कर मोहम्मद हुसैन को दबोचा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटकों की आपूर्ति और इस पूरी साजिश में उसकी क्या भूमिका थी।
उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को राजारहाट के दक्षिण नारायणपुर स्थित सुपारीबागान इलाके में एक किराए के मकान में तेज धमाका हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद शमीम उर्फ सलीम ने फर्जी दस्तावेजों और पहचान के आधार पर स्थानीय दलाल शाहंशाह की मदद से यह कमरा किराए पर लिया था। घटना के दिन एक नाबालिग सफेद रंग का बैग लेकर कमरे में दाखिल हुआ था और उसके बाहर निकलते ही जोरदार विस्फोट हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत फैल गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुँचकर दो जिंदा बम बरामद कर उन्हें सुरक्षित रूप से निष्क्रीय किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने भी घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किराए के इस मकान का इस्तेमाल अवैध विस्फोटक और बमों को छिपाकर रखने के एक सुरक्षित अड्डे के रूप में किया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार मोहम्मद हुसैन को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।