वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
पांच दिनों से लापता बच्ची का शव तालाब से बरामद
मालदह जिले के मोथाबाड़ी थाना इलाके में मंगलवार अपराह्न पांच दिनों से लापता एक पांच वर्षीय बच्ची का शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक जलाशय में उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची के पिता मनोज मंडल उत्तर लक्ष्मीपुर ग्राम पंचायत के लीला रामटोला इलाके के निवासी हैं। शुक्रवार को मनोज मंडल और उनकी पत्नी अपने खेत में काम करने गए थे और उनके साथ उनकी पांच साल की बेटी भी थी। बताया जाता है कि शाम के समय बच्ची खेत से घर वापस लौटने के लिए अकेले ही निकल गई। लेकिन वह घर नहीं पहुंची और रहस्यमय तरीके से लापता हो गई।
परिवार की शिकायत पर मोथाबाड़ी थाने की पुलिस ने तलाशी शुरू की। खोजबीन को तेज़ करने के लिए पुलिस ने मुर्शिदाबाद से डॉग स्क्वॉड भी बुलाया। गांव के हर कोने—खेत, बागान, तालाब किनारे और आसपास के सभी रास्तों को बारिकी से छान मारा गया, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
इसी बीच मंगलवार अपराह्न इलाके के कुछ लोगों ने एक स्थानीय व्यक्ति के घर के बगल वाले जलाशय में एक शव उतराता हुआ देखा। नजदीक जाकर पता चला कि यह उसी लापता बच्ची का शव है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव को बरामद किया गया।
बच्ची का शव मिलने के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची के परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए संभव है कि किसी ने किसी वजह से बच्ची की हत्या कर उसके शव को जलाशय में फेंक दिया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि यह जानने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची की मौत डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण सामने आएगा।