भाई के दोस्त से 'इश्क' बना काल!
कोलकाता। नारकेलडांगा इलाके में हुई पुष्पा कुमारी की रहस्यमयी मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों की मानें तो यह महज एक सामान्य अपराध नहीं, बल्कि ऑनर किलिंग या पारिवारिक रंजिश का मामला हो सकता है।
जांच में सामने आया है कि पुष्पा का अपने ही भाई के दोस्त के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो भाई को कतई मंजूर नहीं था। शक की सुई अब पूरी तरह फरार भाई की ओर घूम गई है, जिसे आखिरी बार कमरे से घबराकर निकलते देखा गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुष्पा और उसके भाई के दोस्त के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध थे। भाई ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया था और अपनी बहन पर रिश्ता तोडऩे का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि पुष्पा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे पोस्ट किए थे, जिससे भाई को यकीन हो गया कि दोनों के बीच बातचीत अब भी जारी है। इसी बात ने आग में घी का काम किया और भाई आपा खो बैठा। शिबतला लेन के निवासियों ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर पुष्पा का भाई घर आया था। कुछ देर बाद वह बेहद हड़बड़ाहट में कमरे से बाहर निकला और गायब हो गया।
जब पड़ोसियों ने संदेह होने पर कमरे में झांका, तो वहां का मंजर खौफनाक था। पुष्पा का बेजान शरीर कंबल से ढका हुआ था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के गले पर चोट के निशान इस ओर इशारा कर रहे हैं कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस अब फरार भाई की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
जांचकर्ताओं का मानना है कि भाई की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि कत्ल की साजिश अकेले रची गई या इसमें परिवार के किसी अन्य सदस्य की भी मूक सहमति थी। परिवार पिछले दो साल से यहां किराए पर रह रहा था। भाई का दोस्त अक्सर घर आता था, लेकिन हाल के दिनों में भाई और दोस्त के बीच झगड़े के बाद उसका आना-जाना बंद हो गया था। क्या एक भाई अपनी ही बहन का कातिल हो सकता है? नारकेलडांगा की गलियों में फिलहाल यही सवाल तैर रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।