वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
राजारहाट थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है
कोलकाता। न्यू टाउन इलाके के राजारहाट थाना अंतर्गत नांगलपोटा क्षेत्र में सोमवार को एक ईंट भट्ठे में दर्दनाक हादसा हुआ, जब ईंटों की ऊंची ढेरी अचानक मजदूरों पर गिर पड़ी। इस घटना में झारखंड निवासी मजदूर बिट्टू लिंडा (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब मजदूर ईंटों को व्यवस्थित करने का काम कर रहे थे। तभी अचानक ईंटों की ऊंची पंक्ति भरभरा कर गिर गई और पांच मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूरों ने मिलकर ईंटों को हटाया और दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिट्टू लिंडा को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों में से दो को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है।
राजारहाट थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मजदूरों से पूछताछ की गई है और ईंट भट्ठा मालिक से भी जल्द पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पता लगाया जा रहा है कि क्या ईंट भट्ठे में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल पुलिस ने एक अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ईंट भट्ठे में कई बार इस तरह की अव्यवस्था देखी जाती रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कड़ा कदम नहीं उठाया गया है।