पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही दोषी को चिन्हित कर लिया जाएगा
हावड़ा। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती हर वर्ष 23 जनवरी को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाती है। इसी बीच हावड़ा थाना अंतर्गत मल्लिक फाटक इलाके में नेताजी की तस्वीर कूड़ेदान में फेंके जाने की घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हावड़ा थाना प्रभारी संदीप पाखीरा तत्काल मौके पर पहुंचे और सम्मानपूर्वक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर को कूड़ेदान से उठाकर थाने ले गए। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि इस जघन्य कृत्य की गंभीरता से जांच की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोषी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष की तत्परता और संवेदनशीलता से की गई कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया। लोगों ने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज की भावनाओं को आहत करती हैं और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही दोषी को चिन्हित कर लिया जाएगा।